भोपाल,16नवम्बर(खबरबाबा.काम)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से मध्य प्रदेश में बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे. पीएम मोदी 16 से 25 नवंबर के बीच पांच दिन मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 16 नवंबर याने आज दोपहर 2 बजे शहडोल और शाम 05.05 बजे ग्वालियर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 नवंबर से सूबे के मालवा-निमाड़ अंचल के दौरे की शुरुआत करेंगे.
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के मालवा-निमाड़ अंचल के दौरे का आगाज इंदौर शहर से होगा.मोदी सूबे की आर्थिक राजधानी के लव-कुश चौराहे पर 18 नवंबर को आयोजित सभा को संबोधित करेंगे. भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक, इस सभा में इंदौर समेत मालवा-निमाड़ अंचल के 17 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को जुटाने की कोशिश की जा रही है.
प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री अंचल के आदिवासी बहुल इलाके झाबुआ में 20 नवंबर को और मंदसौर में 23 नवंबर को चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. मंदसौर, सूबे में किसान आंदोलन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है. बीजेपी सूत्रों की मानें तो पार्टी ने अपनी रणनीति के तहत चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में मालवा-निमाड़ अंचल में प्रधानमंत्री के दौरों का खाका तैयार किया है. सूबे में 28 नवंबर को विधानसभा चुनावों का मतदान होना है.
बहरहाल, मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम से पखवाड़े भर पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 29 और 30 अक्टूबर को मालवा-निमाड़ का दो दिवसीय चुनावी दौरा कर चुके हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी इस अंचल में लगातार चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे हैं. कुल 230 सीटों वाली प्रदेश विधानसभा में मालवा-निमाड़ अंचल की 66 सीटें शामिल हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभागों में फैले इस अंचल को सूबे की ‘सत्ता की चाबी’ भी कहा जाता है.
साल 2013 के पिछले विधानसभा चुनावों में मालवा-निमाड़ की 66 सीटों में से बीजेपी ने 56 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस को केवल नौ सीटों से संतोष करना पड़ा था. बीजेपी के बागी नेता के खाते में एक सीट आई थी जिसने अपनी पार्टी से टिकट नहीं मिलने की वजह से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था.
Related Posts
Add A Comment
Contact
- Office address :- 19, Dr. Devisingh Colony Opposite New court , Ratlam MP
- info@khabarbaba.com
-
Managed By -
Rajesh Jain
Sourabh Kothari
Samagra Jain
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 Khabarbaba. All Right Reserved Designed by Brandistan.