मुंबई, 30नवम्बर2019/ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उद्धव ठाकरे ने अपनी पहली परीक्षा के तौर पर फ्लोर टेस्ट भी पास कर लिया है. आपको बता दें कि बहुमत परीक्षण में कुल 169 वोट उद्धव सरकार के पक्ष में पड़े. बीजेपी विधानसभा से वॉकआउट कर गई. वोटिंग के दौरान कुल 4 विधायक तटस्थ रहे.
इससे पहले सदन में पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने संविधान के तहत शपथ नहीं ली थी. वहीं, उद्धव ठाकरे ने फ्लोर टेस्ट के बाद कहा कि सदन में वैचारिक मतभेदों को गलत तरीके से रखा गया.
162 के दावे को भी पार कर गया बहुमत
शुरू से ही शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की ओर से दावा किया जा रहा है कि 162 से अधिक विधायक उनके साथ हैं. विधानसभा में आज इस दावे और 162 के नंबर पर सबकी नजर रही. यहां आपको यह भी बता दें कि फ्लोर टेस्ट से काफी पहले आज सुबह कांग्रेस विधायक विजय वाडेत्तिवार ने एक बार फिर दावा किया था कि विश्वास प्रस्ताव में हमें 168 से ज्यादा वोट मिलेंगे और ठीक ऐसा ही हुआ.
ये 4 MLA रहे सदन में तटस्थ
सरकार के पक्ष में कुल 169 वोट पड़े हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 24 वोट अधिक है. फ्लोर टेस्ट के दौरान 4 विधायक तटस्थ रहे. यानी इन विधायकों ने न तो उद्धव सरकार के समर्थन में किया और न ही विपक्ष में वोटिंग की. इसमें असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के दो विधायक, राज ठाकरे की पार्टी मनसे के एक विधायक और सीपीआई-एम के एक विधायक शामिल हैं.
उद्धव ठाकरे बोले- मुझे सदन में काम करने का अनुभव नहीं
फ्लोर टेस्ट के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकर ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया. उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुझे सदन में काम करने का अनुभव नहीं है, मैं मैदान में लड़ने वाला आदमी हूं. वैचारिक मतभेद रखने का अलग तरीका होता है. सदन में वैचारिक मतभेदों को गलत तरीके से रखा गया. यह महाराष्ट्र की परंपरा नहीं है. मुझे गर्व है कि मैंने अपने आदर्शों का नाम लेकर शपथ ली.
फ्लोर टेस्ट से पहले उद्धव ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस को लगाया गले
फ्लोर टेस्ट से पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से गले मिलने के लिए विपक्ष के नेता की कुर्सी पर पहुंचे. उद्धव ने फडणवीस को गले लगाया. इसके बाद उद्धव अपनी सीट पर बैठ गए.
उद्धव सरकार का फ्लोर टेस्ट
प्रोटेम स्पीकर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि खुला मतदान हो और उसमें लिखा गया है कि प्रोटेम स्पीकर यह कार्यवाही करवाएं. इसलिए मैं आगे की कार्यवाही बढ़ा रहा हूं. फ्लोर टेस्ट बैलेट से नहीं लिया जाएगा यह सुप्रीम कोर्ट का फैसला है. फ्लोर टेस्ट का लाइव टेलीकास्ट भी होगा. अब मैं विश्वास मत पेश करने की कार्यवाही शुरू करता हूं.
प्रोटेम स्पीकर ने निर्देश के बाद सबसे पहले अशोक चव्हाण ने विश्वास प्रस्ताव पढ़ा. इसके बाद नवाब मलिक ने भी विश्वास प्रस्ताव पढ़ा. दोनों नेताओं द्वारा विश्वास प्रस्ताव पढ़ने के बाद एक-एक कर सारे सदस्यों ने विश्वास प्रस्ताव पर अपना विश्वास व्यक्त किया और अपनी सहमति दी. फ्लोर टेस्ट की प्रक्रिया हेड काउंट के जरिए हुई. एकनाथ शिंदे के साथ गिनती की प्रक्रिया शुरू हुई. नाम के साथ विधायकों ने अपना नंबर बताया. आदित्य ठाकरे ने इस दौरान अपना नाम आदित्य रश्मि उद्धव ठाकरे लिया.
जयंत पाटिल बोले- फडणवीस को क्या दिक्कत है
बहुमत परीक्षण के बाद एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने कहा कि शपथ में अगर बड़े नेताओं और हमारे भगवान का नाम लिया तो क्या गलत किया. अगर सम्मान दिया तो क्या गलत किया. फडणवीस को क्या दिक्कत है. विपक्ष ने हंगामा करने की कोशिश की.
छगन भुजबल ने बोला फडणवीस पर हमला
छगन भुजबल ने कहा कि फडणवीस को विपक्ष का नेता बनने में प्रतिस्पर्धा नजर आ रही है. बीजेपी यह तय नहीं कर पा रही है कि नेता विपक्ष फडणवीस होंगे या चंद्रकांत पाटिल.
(साभार-आज तक)
Previous Articleट्रेनिंग सेंटर से विशेष नस्ल के दो डॉग चोरी
Related Posts
Add A Comment
Contact
- Office address :- 19, Dr. Devisingh Colony Opposite New court , Ratlam MP
- info@khabarbaba.com
-
Managed By -
Rajesh Jain
Sourabh Kothari
Samagra Jain
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 Khabarbaba. All Right Reserved Designed by Brandistan.