रतलाम,20जुलाई(खबरबाबा.काम)। ‘पंथिकों को जलती दोपहर में, पेड़ सदा देते हैं छाया, खुशबू भरे फूल देते हैं, हमको नये फलों की माया । त्यागी तरुओ के जीवन से, हम भी तो कुछ जीना सीखें।’ इस प्रेरणादायी कविता के माध्यम से सैलाना बस स्टैंड क्षेत्र में आमलिया भैरू रोड स्थित बेलामेंटे स्कूल में हरियाली अमावस्या पर पौधरोपण कार्यक्रम कर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
हरियाली अमावस्या पर स्कूल में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में स्कूल के एमडी श्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को पेड़ लगाने और पेड़ बचाने का संदेश देते हुए कहा कि कि हमें प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने के लिए अपने-अपने जीवन मे कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। पौधे हमारे पालक होने के साथ ही हमें शुद्ध वायु देते हैं। पौधे मनुष्यों के साथ-साथ जीवों के जीने का सहारा है। बिना पेडों के पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
श्री शर्मा ने कहा कि जिस तरह हम अपने छोटे-छोटे बच्चों की देखभाल कर अच्छे संस्कार देकर बड़ा होने में मदद करते हैं, जिससे वह हमारे समाज की ताकत बनकर हमारा सहारा बनते है। उसी प्रकार हम छोटे-छोटे पौधों की देखभाल करेगें तो वह पौधे बड़े वृक्ष बनकर हमारी आने वाली पीढीयों को छाया और प्राणवायु ऑक्सीजन देगें एवं सुगंधित फूलों के साथ मीठे-मीठे फल भी देगें।
कार्यक्रम के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका परिधी माथुर एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
