रतलाम, 22सितम्बर(खबरबाबा.काम)। जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह पीएचई के चौकीदार का शव संपवेल के पास स्थित कमरे में मिला है। चौकीदार के सिर पर निशान मिले है। पुलिस व परिजनों को हत्या की आशंका है।
जानकारी के अनुसार मृतक का नाम बाला पिता बाबू भाभर 40 वर्ष निवासी कुंवरपाड़ा थाना रावटी है। मृतक पीएचई विभाग में चौकीदार है। रावटी के स्टेशन रोड पर पीएचई का संपवेल बना हुआ है। संपवेल पर वह रात में चौकीदारी करता है। यहां एक कमरा बना हुआ है। रात में वह वहीं रुकता है।
शनिवार रात 10 बजे वह अपनी ड्यटी पर गया था। रविवार सुबह 8 बजे ड्यूटी चेंज होने पर एक अन्य कर्मचारी गणेश पहुंचा, तो देखा कि बाला बेसुध है। उठाने पर नहीं उठा। पुलिस व परिजनों को सूचना दी। रावटी थाने से सब इंस्पेक्टर एमआई खान व अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। हत्या की आशंका के चलते रतलाम से एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल भी पहुंचे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार सिर व शरीर पर चोट के निशान पाए गए। हाथ में भी चोट थी। पुलिस ने मौके से पंचनामा बनाकर दोपहर 12 बजे शव को पीएम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। दोपहर में पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
