रतलाम: एक्शन में एसपी अमित कुमार-कंजर प्रभावित क्षेत्रों में करेंगे नाइट कैंप…..लगातार दबिश और एंबुश के निर्देश, पहली बार नदी के रास्ते नाव से होगी गश्त,भोजाखेड़ी और कनाडिया चौकी को भी अतिरिक्त बल देकर किया एक्टिव

रतलाम, 27अक्टूबर (खबरबाबा.काम)। जिले के कंजर प्रभावित क्षेत्रों को कंजरों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए एसपी अमित कुमार एक्शन मोड में आ गए हैं। एसपी ने कंजर प्रभावित आलोट और ताल क्षेत्र का दौरा कर आदतन अपराधी कंजरों पर कार्रवाई के लिए पूरा एक्शन प्लान तैयार किया है।

जिले का आलोट और ताल क्षेत्र पिछले कई वर्षों से कंजरों के आतंक से प्रभावित है। आए दिन कंजर यहां चोरी और लूटपाट जैसी वारदातों के साथ ही वसूली भी करते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र होने का फायदा उठाते हुए कंजर वारदात कर अधिकांश राजस्थान जिले से लगे क्षेत्र में भाग जाते हैं, जिसके कारण पुलिस को भी उन्हें पकड़ने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

निष्क्रिय पुलिस चौकी को किया एक्टिव
एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को कंजर प्रभावित आलोट और ताल क्षेत्र के गांव का दौरा किया। एसपी ने पिछले 15 वर्षों से निष्क्रिय पड़ी भोजाखेड़ी और कनाडिया चौकी को भी अतिरिक्त बल और संसाधन देकर एक्टिव किया है। एसपी दौरे के तत्काल बाद दोनों चौकिया को 14 जवानों का अतिरिक्त बल दिया गया है। इसके अलावा गश्त के लिए दो वाहन और बीडीएस की एक गाड़ी भी उपलब्ध कराई है।

नदी के रास्ते पहली बार नाव से होगी गश्त
एसपी अमित कुमार ने अपने दौरे के दौरान एसी जगह को चिन्हित किया है, जहां शिप्रा नदी के रास्ते कंजर वारदात कर आसानी से भाग जाते हैं। आलोट क्षेत्र में शिप्रा नदी कई स्थानों पर राजस्थान और मध्य प्रदेश की बॉर्डर के बीच में से बहती है। इसका फायदा कंजर भी उठाते हैं, और कई बार वारदात कर शिप्रा नदी के रास्ते राजस्थान भाग जाते हैं। एसपी ने यहां होमगार्ड की व्यवस्था कर नदी के रास्ते नाव में गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिले में पहली बार पुलिस नाव में गश्त करेंगी।

कंजर प्रभावित क्षेत्र में नाइट कैंप करेंगे एसपी अमित कुमार
कंजरों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए एसपी अमित कुमार स्वयं अभियान की कमान संभाल रहे हैं। एसपी नक्सल प्रभावित क्षेत्र की तर्ज पर क्षेत्र में कैंप करेंगे। एसपी इन क्षेत्रों में रात्रि विश्राम भी करेंगे। एसपी ने पूरे क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
लगातार दबिश और एंबुश के निर्देश
एसपी ने कंजर प्रभावित क्षेत्र में टीम को एक्टिव करते हुए उन्हें लगातार कंजरो के ठिकानो पर दबिश और एंबुश के निर्देश दिए हैं। एसपी अमित कुमार द्वारा की जा रही इन कार्रवाइयों का असर आगामी दिनों में देखने को मिल सकता है।

