रतलाम: नाहर ग्लोबल स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘मल्हार 2024’ में छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन… मुख्य अतिथि एसपी अमित कुमार ने कहा -स्कूल शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास का मंच भी
रतलाम, 25दिसम्बर (खबरबाबा.काम)। नाहर ग्लोबल स्कूल ने अपने वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘मल्हार 2024’ का आयोजन उत्साह और भव्यता के साथ किया। विद्यालय के फुटबॉल मैदान में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रतिभा और कला का ऐसा प्रदर्शन किया जिसने हर दर्शक को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में एसपी अमित कुमार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस आयोजन को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में 800 से अधिक छात्रों ने मंच पर विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को आनंदित किया बल्कि उन्हें छात्रों के भीतर छिपे कौशल और समर्पण का अनुभव भी कराया।
मुख्य अतिथि एसपी अमित कुमार ने कहा, “स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, यह छात्रों को आत्मविश्वास, नेतृत्व और संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास का मंच भी प्रदान करता है। इस आयोजन ने यह दिखा दिया कि छात्र न केवल पढ़ाई में बल्कि कला और संस्कृति में भी उत्कृष्टता प्राप्त कर सकते हैं।”

