रतलाम: बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए वृद्ध को ठगा, सोने की चेन और अंगूठी लेकर हुए रफूचक्कर…असली लेकर नकली थमा गए
रतलाम,23अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। सैलाना बायपास रोड पर बुधवार सुबह 2 अज्ञात बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक वृद्ध से सोने की चेन और अंगूठी ठग ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वारदात सैलाना के सदर बाजार निवासी सुशील शर्मा के साथ बुधवार सुबह 9:30 बजे हुई। श्री शर्मा गोविंद कुंड से दर्शन कर लौट रहे थे। पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर घर जाने के दौरान 2 युवक रास्ते में मिले। खुद को पुलिसकर्मी बताकर फर्जी आईडी कार्ड दिखाया और कहा कि इतने महंगे आभूषण पहनकर बाहर निकलना खतरनाक है।

बदमाशों ने वृद्ध को विश्वास में लिया। एक बदमाश ने खुद अपने हाथ से उनकी सोने की चेन व अंगूठी उतारी और एक कागज में लपेटकर उन्हें थमा दी। वृद्ध ने शंका होने पर कागज खोलकर देखा तो उसमें नकली आभूषण निकले। वृद्ध ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।

सोने की चेन और अंगूठी की कीमत करीब 4 लाख रुपए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सामने आया है कि शर्मा का पीछा कर रैकी करने वाले 2 बदमाश थे। मौका मिलते ही उन्होंने 2 अन्य साथियों को सूचना दी और बायपास पर शर्मा को रोका।










