रतलाम,8 अप्रैल(खबरबाबा. कॉम)। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास जोधपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में राजस्थान के बाड़मेर निवासी 5 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक निजी स्लीपर बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास हुआ, जहां जोधपुर से इंदौर जा रही बस तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक का स्टीयरिंग फेल होने के कारण चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे आ रही बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय हल्की बारिश और सड़क पर पड़ी गिट्टी भी दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।
हादसे में बाड़मेर निवासी शेरू, अंबाराम, राजू, विशाल और कृष्णा घायल हुए हैं। सभी को एंबुलेंस की मदद से रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।