रतलाम,11अप्रैल(खबरबाबा. कॉम)। शुक्रवार दोपहर करीब 2:35 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 04 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूरी घटना प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान दाऊद अयाज बेग (40 वर्ष), पिता अयाज बेग, निवासी जोगी नवादा, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।बताया गया कि वह परिवार के साथ महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा में रहता था और कैटरिंग व इवेंट मैनेजमेंट का काम करता था। घटना के समय वह दिल्ली से मुंबई लौट रहा था।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12904 गोल्डन टेंपल मेल के रवाना होते समय मृतक चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था।इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के एसआई गवेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर रविंद्र सिंह राठौड़ और प्लेटफार्म स्टाफ भी वहां मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान व्यक्ति ट्रेन से कटकर मृत अवस्था में पाया गया।
घटना के बाद ट्रेन को एसीपी में खड़ा किया गया। सीएंडडब्ल्यू स्टाफ द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।ट्रेन के जाने के बाद ट्रैक पर मृतक का शव दो हिस्सों में पड़ा मिला।
बैग में मिले 4 लाख रुपये
जीआरपी पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला।प्लेटफार्म से बरामद उसके बैग की तलाशी में कपड़े, टिकीट,आधार कार्ड और लगभग 4 लाख रुपये नगद मिलेहै।
पुलिस की कार्रवाई
जीआरपी के हेड कांस्टेबल मनोज चौधरी और बाबूलाल लोने मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।शनिवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।