रतलाम, 4 अप्रैल(खबरबाबा.कॉम)। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में संचालित अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े आरोपियों की 16 करोड़ 16 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश सफेमा न्यायालय ने जारी किए हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी दिलावर खान व उसके सहयोगी लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में लिप्त थे और इस अवैध कारोबार से करोड़ों की अचल संपत्ति अर्जित की गई, जिसका कोई वैध स्रोत नहीं मिला।
पुलिस द्वारा आरोपियों की करीब 55.70 करोड़ रुपए की संपत्तियों का ब्यौरा तैयार कर सफेमा न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया था। सुनवाई के बाद न्यायालय ने प्रथम चरण में 16.16 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी किए।
जांच अधिकारी ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68-ई और 68-एफ के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए यह कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त अन्य लोगों की भी पहचान कर उनकी संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।