रतलाम,9अप्रैल(खबरबाबा. कॉम)। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
इसी क्रम में थाना माणकचौक पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर नाहरपुरा स्थित श्रीराम पान भंडार पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पाया गया कि आरोपी द्वारा अवैध रूप से प्रतिबंधित ई-सिगरेट का संग्रहण एवं विक्रय किया जा रहा था।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर विधिवत तलाशी लेने पर विभिन्न कंपनियों एवं फ्लेवर की कुल 23 पैकेट ई-सिगरेट बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 77,600 रुपए है। आरोपी से ई-सिगरेट रखने एवं बिक्री संबंधी वैध लाइसेंस के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
उक्त कृत्य इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक धारा 4/7 एवं 5/8 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
जय कुमार पिता गोविंद कवलानी 31 वर्ष
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रकाश गडरिया, उप निरीक्षक राकेश मेहरा, प्रधान आरक्षक राजेश मईड़ा, आरक्षक अविनाश मिश्रा सहित थाना माणकचौक पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।