रतलाम, 4 अप्रैल(खबरबाबा. कॉम)। मंदसौर-रतलाम फोरलेन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोधपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस असंतुलित होकर आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे ढोढर क्षेत्र के कालूखेड़ा फंटा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, फोरलेन पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण ट्रॉले ने अचानक गति धीमी की, लेकिन पीछे से आ रही बस का चालक समय पर नियंत्रण नहीं कर पाया और बस सीधे ट्रॉले में घुस गई।
हादसे के वक्त अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ढोढर पुलिस चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
इस दुर्घटना में 5 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। हादसे के बाद बस का आगे का कांच पूरी तरह टूट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
क्रेन से हटाई गई बस, कुछ देर बाधित रहा मार्ग
टक्कर के बाद सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। बाद में क्रेन की मदद से बस को ट्रॉले से अलग कर किनारे किया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के अनुसार, ट्रॉला स्पीड ब्रेकर पार कर रहा था, तभी पीछे से आ रही बस ने संतुलन खो दिया और दुर्घटना हो गई।