रतलाम, 4 अप्रैल (खबरबाबा.कॉम)। जिले के आलोट विधानसभा क्षेत्र के 8 गांवों के किसान आज उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड सड़क परियोजना के लिए अधिगृहीत की जा रही जमीनों के मुआवजे को लेकर आलोट विधायक चिंतामणी मालवीय के नेतृत्व में कलेक्टर से मिलने कलेक्टोरेट पहुंचे। किसानों का आरोप है कि उन्हें बाजार दर से बेहद कम मुआवजा दिया जा रहा है।
इंतजार में सीढ़ियों पर बैठे विधायक,दी चेतावनी
किसानों के साथ विधायक चिंतामणी मालवीय भी कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर के मीटिंग में होने के कारण सभी को इंतजार करना पड़ा। इस दौरान विधायक ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर ही बैठ गए।इंतजार के दौरान विधायक श्री मालवीय ने प्रशासन को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की बात नहीं सुनी गई, तो ‘जिंदाबाद’ के नारे ‘मुर्दाबाद’ में बदल सकते हैं।
अधिकारियों के बुलावे को ठुकराया
सीढ़ियों पर बैठने के बाद जावरा और ग्रामीण एसडीएम ने विधायक को चेंबर में बुलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया।करीब 15 मिनट इंतजार के बाद उन्होंने कहा,”अभी हम शांति से बैठे हैं, वरना हमें दूसरा रूप भी दिखाना आता है।”

