रतलाम, 07अप्रैल(खबरबाबा. कॉम)। जिले में एक माह पूर्व खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई में जब्त किए गए करीब 1600 लीटर घी के सभी नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट में घी को अवमानक बताया गया है, जिसके बाद संबंधित फर्म के खिलाफ अब खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि 27 फरवरी को विभाग की टीम ने ग्लोबस सिटी स्थित महाकाल ट्रेडर्स पर छापा मारकर कार्रवाई की थी। जांच के दौरान यहां सस्ता घी बेचा जा रहा था। फर्म संचालक द्वारा बताया गया कि “मदर बेस्ट” और “यूपी फ्रेश” ब्रांड का घी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की मां वैष्णो देवी फूड प्रोडक्ट और रिद्धि ट्रेडिंग कंपनी से 310 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदा गया था।
मौके पर “यूपी फ्रेश क्वालिटी” घी के पैकेट पर खाद्य पदार्थ का नाम तक अंकित नहीं पाया गया। टीम ने मदर बेस्ट प्राइम क्वालिटी, गाय का घी और यूपी फ्रेश क्वालिटी के कुल 9 नमूने लिए थे। साथ ही करीब 1600 लीटर घी (अनुमानित मूल्य 6.30 लाख रुपए) जब्त कर सीलबंद किया गया था।
सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया था, जहां से आई रिपोर्ट में सभी सैंपल फेल और अवमानक पाए गए हैं। अब विभाग द्वारा नियमानुसार घी के विनिष्टीकरण (नष्ट करने) और संबंधित फर्म पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।