रतलाम, 18 मई (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा माही ढाबे के पास पुलिया वाले मोड़ पर हुआ, जहां अनियंत्रित कार पुलिया के नीचे जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, सरवन निवासी गोपाल (35) पिता रमेशचंद्र टांक अपनी पत्नी ललिता टांक (33) और दो बच्चों कृष (7) व मोक्षित (4) के साथ रविवार को किसी मन्नत के कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम आए थे। रात करीब 9:30 बजे पूरा परिवार कार से वापस सरवन लौट रहा था। इसी दौरान माही ढाबे के पास पुलिया वाले मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण, राहगीर और पीछे से आ रहे परिजन तुरंत मदद के लिए पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गोपाल टांक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों का उपचार जारी है।