रतलाम, 18 जून (खबरबाबा.कॉम)। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इस बार बदमाशों ने केवल ट्रक पर पथराव ही नहीं किया, बल्कि चालक और कंडक्टर को वाहन से नीचे उतारकर उनके साथ जमकर मारपीट भी की। घटना में घायल कंडक्टर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम राजपुरा निवासी राकेश देवड़ा ने रावटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि वह ट्रक में रतलाम से यूरिया खाद भरकर आलीराजपुर की ओर जा रहे थे। उनके साथ कंडक्टर राकेश पारगी भी मौजूद था।
रात करीब 11 बजे जब ट्रक धामनोद से होकर दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर माही नदी के पहले ग्राम माला की बीड़ स्थित ब्रिज के पास पहुंचा, तभी चार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने ट्रक पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। इसके बाद चालक और कंडक्टर को नीचे उतारकर पत्थरों से हमला कर घायल कर दिया।
घटना के दौरान संयोगवश एनएचएआई की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पेट्रोलिंग टीम को देखकर बदमाश भागने लगे, लेकिन टीम ने दो आरोपियों नारू और उसके साथी ईश्वर, दोनों निवासी पीपली का माल, को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद 112 डायल को सूचना दी गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कंडक्टर राकेश पारगी को मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया।
पुलिस ने दबिश देकर पकड़े अन्य आरोपी
एनएचएआई टीम द्वारा पकड़े गए दो आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों मोतीलाल पिता केहरिंग, महेश पिता नागजी, दिनेश पिता सुतरान, बबलू तथा सूरपाल पिता प्रका, सभी निवासी पीपली का माल, को भी गिरफ्तार कर लिया।