रतलाम, 4 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में रतलाम पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए महू-नीमच रोड स्थित दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) बजेड़ा फंटा पर स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं स्थापित कराई हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर थाना नामली पुलिस, ग्राम पंचायत धोंसवास एवं मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) के संयुक्त सहयोग से यहां 3 विद्युत पोल, 5 स्ट्रीट लाइटें तथा ज़िग-ज़ैग स्टॉपर लगाए गए हैं।इस कार्य का उद्देश्य रात्रिकालीन दुर्घटनाओं को रोकना और वाहन चालकों के लिए सड़क को अधिक सुरक्षित बनाना है।
पुलिस के अनुसार, बजेड़ा फंटा लंबे समय से जिले के ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित था। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर और सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाता था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब स्ट्रीट लाइट लगने से सड़क स्पष्ट दिखाई देगी और वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर सकेंगे।
रतलाम पुलिस का कहना है कि जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ब्लैक स्पॉट एवं स्पीड ब्रेकर वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।