रतलाम, 12 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। जिले में नशे के कारोबार पर कार्रवाई जारी रखते हुए माणकचौक थाना पुलिस ने एक आरोपी को 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शादाब उर्फ भूरा पिता लईक अहमद खोखर (40), निवासी अशोक नगर, रतलाम बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार शादाब उर्फ भूरा के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास, जुआ, दहेज प्रताड़ना तथा एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। वर्तमान प्रकरण के साथ उसके खिलाफ कुल पांच आपराधिक प्रकरण हो चुके हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान सहित राजसिंह, विजय झोडिया, दीपक बोरासी, राजेश मईड़ा, महेश मईड़ा, मनोहर सिंह, हेमन्त यादव, जीवन विश्वकर्मा, अविनाश मिश्रा, संदीप शर्मा, खिलाड़ी जाट एवं महिला आरक्षक प्रवीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।