रतलाम, 19जुलाई (खबरबाबा. कॉम)। पिपलोदा तहसील के ग्राम आजमपुर डोडिया में दूषित पेयजल के सेवन से कई ग्रामीण उल्टी, दस्त और बुखार की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और गांव में तत्काल राहत एवं स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की गईं।
जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, रतलाम के अपर कलेक्टर ब्रजेश रावत, पिपलोदा तहसीलदार प्रीति साठे सहित प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने बीमार ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उपचार और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय स्वयं प्रभावित परिवारों से मिले और उस कुएं का भी निरीक्षण किया, जिसके पानी के सेवन से ग्रामीणों के बीमार होने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कुएं के पानी की जांच कराने के निर्देश दिए तथा पिपलोदा से ट्यूबवेल के माध्यम से गांव में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक एवं सुचारु आपूर्ति शुरू करने के आदेश दिए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाकर डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया, आवश्यक दवाइयां वितरित कीं और गंभीर मरीजों को अस्पताल भेजा। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
अपर कलेक्टर ब्रजेश रावत ने संबंधित विभागों को पेयजल स्रोतों की जांच, पानी की टंकियों की सफाई, पाइपलाइन की जांच तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की कि वे घबराएं नहीं और फिलहाल पानी को उबालकर ही पीएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। फिलहाल गांव में हालात नियंत्रण में हैं और स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।इस दौरान जनपद अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ,मण्डल अध्यक्ष दिनेश पाटीदार,प्रवीण सिंह सहित विभिन्न पदाधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे