रतलाम,26अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। पुलिस ने अवैध एमडी ड्रग्स तैयार करने में उपयोगी बताए जा रहे केमिकल की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो नीले ड्रमों से कुल 110.140 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4 मिथाईल प्रोपीफिनेन केमिकल जब्त किया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में आलोट पुलिस ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई में एनसीबी जोन इंदौर के अधिकारी-कर्मचारियों का भी सहयोग रहा।
मुखबिर की सूचना पर मिली बड़ी सफलता
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आलोट में एमडी ड्रग्स तैयार करने के लिए उपयोगी केमिकल से भरे दो ड्रम आने वाले हैं। सूचना के आधार पर आलोट पुलिस ने एनसीबी जोन इंदौर की टीम के साथ कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान श्याम ट्रांसपोर्ट के संचालक विजय पिता कृष्णगोपाल पुरोहित और हम्माल जगदीश पिता रामलाल धनगर से जानकारी मिली कि ड्रमों को नीरज पांचाल की वेल्डिंग दुकान पर रखवाया गया था। इसके बाद नीरज पांचाल की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी दुकान के सामने कार्रवाई करते हुए दोनों ड्रम जब्त किए।
110 किलो से अधिक केमिकल जब्त
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने दो ड्रमों से केमिकल जब्त किया। इसमें—आर्टिकल A : 55.140 किलोग्राम,आर्टिकल B : 55.000 किलोग्राम,इस तरह कुल 110.140 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4 मिथाईल प्रोपीफिनेन केमिकल जब्त किया गया।
मामले में थाना आलोट पर धारा 27-क और 30 एनडीपीएस एक्ट में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस केमिकल की खेप मंगाने वाले और इसके पीछे जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।