रतलाम, 28 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। जिले में चोरी की वारदातों ने एक बार फिर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार को सामने आए तीन अलग-अलग मामलों में चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। सबसे बड़ी वारदात दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की अमृत सागर कॉलोनी में हुई, जहां चोर एक बुजुर्ग महिला के घर से 6 लाख रुपए से अधिक की नकदी और जेवर चुरा ले गए। इसके अलावा बाजना और स्टेशन रोड थाना क्षेत्रों में भी चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं।
अमृत सागर कॉलोनी में ताला तोड़कर 6 लाख से अधिक का माल समेट ले गए चोर
अमृत सागर कॉलोनी निवासी 74 वर्षीय राजाबाई पति स्वर्गीय बालकृष्ण राठी ने दीनदयाल नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। राजाबाई ने बताया कि वह 16 अगस्त को अपनी बड़ी बहन के यहां इंदौर गई थीं। गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे पड़ोसी भेरूलाल टांक ने फोन कर सूचना दी कि उनके मकान के दरवाजे खुले हुए हैं।
सूचना मिलते ही राजाबाई रतलाम पहुंचीं तो देखा कि चोरों ने मकान के मेन गेट और बरामदे के गेट का ताला तोड़ दिया था। इतना ही नहीं, नकूचे के आसपास दरवाजे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।घर के अंदर अलमारी की जांच करने पर अलग-अलग लिफाफों में रखे 1.41 लाख रुपए नकद और आभूषण चुरा ले गए।चोर चांदी के सामान पर भी हाथ साफ कर गए। चोर मकान से कुल 6 लाख रुपए से अधिक का माल समेटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर दीनदयाल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कॉलोनी के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
बाजना में सूने मकान से 50 हजार नकद और जेवर चोरी
बाजना थाना क्षेत्र के ठिकरिया रोड निवासी शारदा टांक के सूने मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। शारदा टांक ने पुलिस को बताया कि 15 दिन पहले वह अपने भाई श्यामलाल के घर शिवगढ़ गई थीं। इस दौरान भतीजे से सूचना मिलने पर जब वह वापस लौटीं तो मकान के मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पेटी में रखे बटुए की जांच करने पर आभूषण और 50 हजार रुपए नकद गायब मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निजी अस्पताल के एचआर के घर से 58 हजार का सामान चोरी
शहर के पद्मावतीधाम क्षेत्र में भी चोरी की वारदात सामने आई है। एक निजी अस्पताल के एचआर विक्की चौहान के घर से चोर 58 हजार रुपए मूल्य के गहने और नकदी चुरा ले गए।
विक्की चौहान ने स्टेशन रोड थाना पुलिस को बताया कि वह बीमार होने के कारण रात में अस्पताल गए थे, जबकि उनकी पत्नी राखी मनाने के लिए मायके इंदौर गई हुई थीं। इलाज के बाद सुबह जब वह घर लौटे तो मेन गेट खुला हुआ मिला।घर के अंदर जाकर देखा तो बेडरूम की अलमारी टूटी हुई थी। अलमारी से 50 ग्राम चांदी, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपए बताई गई है, सोने का कांटा, नथ करीब 12 हजार रुपए की तथा 35 हजार रुपए नकद चोरी हो चुके थे।स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।