रतलाम, 2 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 32 वर्षीय युवक का शव गांव के समीप नाले में पड़ा मिला। मृतक के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे और सिर, गर्दन व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। खास बात यह है कि मृतक के घर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर खून के धब्बे मिले हैं और एक खून लगी कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है। घटना के बाद से मृतक की पत्नी भी लापता है, जिससे पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ गया है।
मृतक की पहचान भीमा पिता मनोहर निवासी बोरदा के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब 50 मीटर दूर मक्के के खेत के पास नाले में औंधे मुंह पड़ा मिला। मृतक का बायां हाथ भी कटा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि मौत के बाद किसी जानवर ने हाथ को क्षतिग्रस्त किया होगा। दोनों पैर रस्सी से बंधे होने के कारण प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को नाले में लाकर फेंका गया।
पत्नी ने कहा था- दानपुर गया है
जानकारी के अनुसार 1 सितंबर को मृतक के चाचा भीमसिंह ने उसकी पत्नी ललिता से भीमा के बारे में पूछा था। इस पर ललिता ने बताया था कि भीमा दानपुर गया है। रात करीब 9 बजे दोबारा पूछने पर उसने बताया कि भीमा अभी वापस नहीं आया है।
इसके बाद 2 सितंबर की दोपहर गांव के सबजी मईडा ने परिजनों को सूचना दी कि भीमा नाले के पास मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।
घर में मिले खून के निशान, पलंग पर भी दाग
घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने मृतक के घर की भी तलाशी ली। घर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर खून के धब्बे मिले। पुलिस को कुछ स्थानों पर बाद में लीपा हुआ भी दिखाई दिया। घर में रखे पलंग पर भी खून के निशान मिले हैं।
जांच के दौरान घर में रखी एक कुल्हाड़ी पर भी खून लगा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर युवक पर कुल्हाड़ी अथवा किसी अन्य धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद रतलाम से एएसपी राकेश पंद्रों, एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया, एसआई जगदीश सिंह तोमर, एसआई जीएल भूरिया सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और मृतक के घर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
करीब 24 घंटे पहले हत्या की आशंका
एफएसएल की प्राथमिक जांच में युवक की मौत करीब 24 घंटे पहले होने की बात सामने आई है। मृतक के सिर और गर्दन के आसपास धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। हालांकि मौत का वास्तविक कारण और किस हथियार से हमला किया गया, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना में मृतक की पत्नी ललिता की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह तक वह परिजनों के साथ भीमा की तलाश में लगी हुई थी, लेकिन इसके बाद अचानक गायब हो गई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि पत्नी बुधवार सुबह तक परिजनों के साथ पति को तलाश रही थी, इसके बाद वह गायब हो गई। पुलिस सभी संभावित कारणों और पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा पत्नी की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद घटनाक्रम से जुड़े कई तथ्य स्पष्ट हो सकते हैं।