रतलाम,,18सितम्बर(खबरबाबा.कॉम)। त्योहारों को देखते हुए रतलाम पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। एसपी अमित कुमार ने रात्रि में शहर का भ्रमण कर विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया।
एसपी ने शहर में स्थापित अस्थाई पुलिस चौकियों पर पहुंचकर वहां तैनात पुलिस बल की उपस्थिति और सक्रियता जांची। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी ने विभिन्न गणेश प्रतिमा पंडालों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंडालों में तैनात वॉलेंटियर्स की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही वॉलेंटियर्स के रजिस्टर, रोस्टर और समय-सारणी का अवलोकन कर व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी अमित कुमार ने थाना माणकचौक क्षेत्र में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ शहर में भ्रमण किया। इस दौरान रात्रिकालीन गश्त और चीता पार्टियों की भी जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा, सतर्कता और प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने पर जोर देते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी और निगरानी लगातार प्रभावी रहनी चाहिए।