रतलाम, 28 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम द्वारा मानव सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा रतलाम के अध्यक्ष अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 168 छात्राओं एवं 25 प्राध्यापकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का आयोजन महाविद्यालय रेडक्रॉस सोसायटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन प्रितेश गादिया, कोषाध्यक्ष संजय लुनिया, संचालक हेमंत मूणत, श्रीमती सुलोचना शर्मा, अशोक जैन ‘लाला’, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय ओहरी, डॉ. स्वलेहा खान सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
मानव सेवा रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य : गादिया
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन प्रितेश गादिया ने कहा कि मानव सेवा रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहे, इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया।
एनीमिया से बचाव के लिए संतुलित आहार जरूरी
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय ओहरी ने कहा कि छात्राओं में एनीमिया की समस्या देखने को मिलती है। इससे बचाव के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को दैनिक खानपान पर विशेष ध्यान देने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के साथ जीवन में सेवा का संकल्प भी लेना चाहिए। सेवा भावना व्यक्ति के साथ-साथ समाज को भी सशक्त बनाती है।
हीमोग्लोबिन, शुगर, बीपी और वजन की जांच
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में छात्राओं एवं प्राध्यापकों के हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, रक्तचाप, वजन सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया।
इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की अलिसा डेन, पुष्पा पांचाल, पुष्पा दडिंग, राकेश बड़बकुल, विनोद गहलोत, दर्पण त्रिवेदी एवं वैभव त्रिवेदी सहित महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुनीता श्रीमाल, डॉ. मीना सिसोदिया, डॉ. संध्या सक्सेना, डॉ. सुरेश चौहान, डॉ. वी.एस. बामनिया, डॉ. कुलदीप पाटीदार, डॉ. रितिका श्रीवास्तव एवं डॉ. वंदना नामदेव उपस्थित रहीं। बड़ी संख्या में छात्राएं एवं स्वयंसेविकाएं भी शिविर में शामिल हुईं।
शिविर में कुल 168 छात्राओं एवं 25 प्राध्यापकों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोशनी रावत ने किया तथा आभार डॉ. अमृतलाल परमार ने माना।