रतलाम, 1 अक्टूबर 2026 (खबरबाबा.कॉम)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए विभिन्न समाजों के 90 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में 80 से अधिक वृद्धजन शामिल हुए, जिनमें वीर्यखेड़ी स्थित वृद्धाश्रम के 16 वृद्धजन भी शामिल रहे।
कार्यक्रम में महापौर प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, एडीएम बृजेंद्र रावत, रेडक्रॉस के मनीष रावल, एल्डरमैन हेमंत राहोरी, रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया तथा सामाजिक न्याय विभाग की उपसंचालक संध्या शर्मा सहित विभिन्न समाजों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने कहा कि रेडक्रॉस और सामाजिक न्याय विभाग मानव सेवा एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। वृद्धजन दिवस पर विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर भारतीय संस्कृति में निहित बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता की परंपरा को रतलाम की धरती पर जीवंत किया गया।
शॉल, माला और अभिनंदन पत्र से किया सम्मान
कार्यक्रम में 90 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों का मंचासीन अतिथियों एवं रेडक्रॉस के संचालक मंडल द्वारा शॉल, माला एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भी वृद्धजनों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।
नुक्कड़ नाटक से दिया सामाजिक संदेश
कार्यक्रम के दौरान जन अभियान परिषद एवं अन्य संस्थाओं द्वारा सामाजिक विषयों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति रैली का शुभारंभ भी किया गया।कार्यक्रम का संचालन सुनील पारीख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अशोक जैन ने किया।