रतलाम, 11 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ताल थाना पुलिस ने अवैध जहरीली कच्ची शराब की तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 16 मोटरसाइकिल और एक छोटा हाथी लोडिंग वाहन चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब इन वारदातों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
शराब तस्करी करते पकड़ाए, जांच में खुला वाहन चोरी का मामला
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की वारदातों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, एसडीओपी जावरा ग्रामीण संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में आलोट एवं जावरा ग्रामीण अनुभाग की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 11 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए हरपाल पिता धारिया कंजर और अर्जुन पिता लखन कंजर को अवैध जहरीली कच्ची शराब की तस्करी करते गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में थाना ताल पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए में प्रकरण दर्ज किया गया।
भाटखेड़ा से चुराई थी मोटरसाइकिल
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जब्त मोटरसाइकिल ग्राम भाटखेड़ा से चोरी करना बताया। जांच में सामने आया कि इस संबंध में थाना कालूखेड़ा में पहले से प्रकरण दर्ज है।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपने साथी लखन पिता हरीलाल कंजर के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें और एक लोडिंग वाहन चोरी करना स्वीकार किया। इसके आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी लखन को भी गिरफ्तार कर लिया।
5 लाख रुपये की 6 मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें हीरो एचएफ डीलक्स की दो, हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन और स्प्लेंडर प्लस की दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कुछ मोटरसाइकिलों पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिले, जबकि दो स्प्लेंडर प्लस के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए।बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार
1. हरपाल पिता धारिया कंजर, उम्र 20 वर्ष।
2. अर्जुन पिता लखन कंजर, उम्र 19 वर्ष।
3. लखन पिता हरीलाल कंजर, उम्र 22 वर्ष।
तीनों आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले के उन्हेल नागेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकड़ा के निवासी हैं।
रतलाम जिले के कई थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातें
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में रतलाम जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातें कबूल की हैं। इनमें थाना ताल, आलोट, नामली, औद्योगिक क्षेत्र जावरा और सैलाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
पुलिस द्वारा बताई गई वारदातों में होंडा शाइन, एचएफ डीलक्स, बजाज प्लेटिना, सुपर स्प्लेंडर और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलों की चोरी शामिल है। इसके अलावा नामली थाना क्षेत्र से महिंद्रा लोडिंग वाहन यानी छोटा हाथी चोरी करने की वारदात भी कबूल की गई है।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में संबंधित थानों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज हैं। वाहन चोरी के मामलों में बरामदगी और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।