रतलाम, 12 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। बाजना बस स्टैंड पर नवरात्रि पर्व की तैयारियों के दौरान शराब के लिए रुपए मांगने की बात पर विवाद हो गया। रुपए देने से इनकार करने पर शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए युवकों को भी नहीं बख्शा और एक के बाद एक कई वार किए। घटना में पांच युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। विवाद के दौरान आरोपी भी घायल हुआ है और उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।
शराब के लिए रुपए मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, बाजना बस स्टैंड क्षेत्र के गवली मोहल्ला निवासी अनिल पिता रामचंद्र रोतेला शनिवार रात करीब एक बजे समिति के सदस्यों रवि साल्वी, सुनील रोतेला, अजय रोतेला, उज्ज्वल रोतेला और आयुष रोतेला के साथ नवरात्रि पर्व की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान धीरजशाह नगर निवासी विकास यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगा। अनिल ने रुपए देने से इनकार किया तो विकास गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए युवकों पर भी वार
हमले के दौरान तौसीफ अली ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए पेट के पास चाकू घोंप दिया। इसके बाद आरोपी ने चाकू से लगातार वार किए। हमले में अनिल के बाएं हाथ पर चोट आई, जबकि सुनील के पेट पर गंभीर घाव हुआ। अजय के सिर पर वार किया गया। वहीं, बीच-बचाव करने आए आयुष की नाक और उज्ज्वल के दोनों हाथों पर चोटें आईं।
एक घायल मेडिकल कॉलेज रेफर, आरोपी भी जख्मी
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। तौसीफ अली को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अनिल की रिपोर्ट पर पुलिस ने विकास यादव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि विवाद और झड़प के दौरान आरोपी विकास यादव को भी चोटें आई हैं। उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।