रतलाम, 13 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। राजस्थान के बांसवाड़ा से लापता 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या का मामला रतलाम में सामने आया है। युवती की हत्या का आरोप उसके ही प्रेमी विकास यादव पर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती को रतलाम लाया और प्रयागराज ले जाने का बहाना बनाकर रेलवे स्टेशन के पीछे बकरा पुल के पास ले गया। वहां विवाद के बाद उसने युवती का गला दबाकर हत्या कर दी और शव रेलवे ट्रैक के किनारे बने नाले में छोड़कर फरार हो गया। राजस्थान पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उसे लेकर रतलाम पहुंची राजस्थान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उस होटल से भी साक्ष्य जुटाए, जहां दोनों घटना से पहले रुके थे।
9 अक्टूबर को घर से निकली, फिर नहीं लौटी
पुलिस के अनुसार, मृतका राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की रहने वाली थी और कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह 9 अक्टूबर 2026 को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव में रहने वाले 20 वर्षीय विकास यादव पर उसे भगाकर ले जाने का संदेह जताया था। विकास मूल रूप से उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के पास का रहने वाला है और गांव में मावे की दुकान पर मिठाई बनाने का काम करता था।
परिजनों की शिकायत पर बांसवाड़ा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में उनका पता नहीं चल पाया।
रतलाम में मिला शव, तस्वीर से हुई पहचान
10 अक्टूबर की सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच रतलाम जीआरपी को सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-4 से आगे बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव पड़ा है। सूचना पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
युवती की पहचान के लिए जीआरपी ने शव की तस्वीर विभिन्न थानों और आसपास के जिलों की पुलिस को भेजी। तस्वीर बांसवाड़ा पुलिस तक पहुंचने के बाद 12 अक्टूबर को युवती की पहचान हो सकी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
मंगलवार को युवती के परिजन भी रतलाम पहुंचे। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान राजस्थान पुलिस आरोपी विकास यादव को प्रयागराज से गिरफ्तार कर रतलाम जीआरपी थाने लेकर पहुंची।
होटल में चार घंटे रुके, फिर स्टेशन के पीछे से निकले
पुलिस की जांच में सामने आया कि 9 अक्टूबर की शाम आरोपी युवती को लेकर स्टेशन रोड क्षेत्र स्थित एक होटल पहुंचा था। दोनों होटल में करीब चार घंटे तक रुके। राजस्थान पुलिस की टीम आरोपी को लेकर होटल पहुंची और रिसेप्शन पर रखे रजिस्टर की जांच कर जानकारी जुटाई।
बांसवाड़ा के डीएसपी देवेंद्र सिंह के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि होटल से निकलने के बाद वह युवती को प्रयागराज ले जाने की बात कहकर स्टेशन की ओर ले गया था। रेलवे ट्रैक के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने युवती का गला दबा दिया और शव रेलवे ट्रैक किनारे बने नाले में छोड़कर वहां से भाग गया।
सीसीटीवी से बचने के लिए चुना दूसरा रास्ता
रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार के अनुसार, आरोपी ने स्टेशन क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल किया। वह युवती को स्टेशन के बाहर से बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक की ओर ले गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के गांव पहुंचने पर वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क कर पुलिस टीम ने उसकी तलाश जारी रखी। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी परिवार में किसी की मौत के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने उत्तर प्रदेश आया है। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम, मिला कॉलेज बैग
आरोपी को रतलाम लाने के बाद घटनास्थल पर जांच की गई। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, बांसवाड़ा के डीएसपी देवेंद्र सिंह, उनकी टीम और जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार मौके पर पहुंचे।
टीम ने आसपास तलाशी ली तो युवती का कॉलेज बैग मिला। यह बैग शव मिलने की जगह से स्टेशन की ओर करीब 100 मीटर दूर पड़ा था। बैग में किताबें, कॉपियां और कॉलेज की यूनिफॉर्म मिली। राजस्थान पुलिस ने बैग जब्त कर लिया है।
पुलिस होटल के रजिस्टर, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।