रतलाम 24 सितम्बर 2019। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रदेश के शासकीय स्कूलों में संचालित दक्षता उन्नयन कार्यक्रम में रतलाम जिले के 16 स्कूलों ने स्वर्ण पदक चैम्पियन स्तर हासिल किया है। इन स्कूलों के नाम राज्य शिक्षा केन्द्र की वाल आफ फेम पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इन स्कूलों की जिलावार सूची राज्य शिक्षा केन्द्र के विमर्श पोर्टल पर उपलब्ध है। इन स्कूलों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
दक्षता उन्नयन कार्यक्रम अन्तर्गत शालाओं को राज्य स्तर से वाल आफ फेम पर सम्मानित किए जाने के लिए तीन स्तर निर्धारित किए गए हैं। स्कूल के 90 प्रतिशत विद्यार्थियों के भाषा और गणित की मूलभूत दक्षताओं के उच्चतम स्तर को प्राप्त करने पर स्कूल को स्वर्ण पदक चैम्पियन स्तर प्रमाण पत्र, 75 प्रतिशत विद्यार्थियों द्वारा भाषा और गणित की मूलभूत दक्षताओं के उच्चतम स्तर को प्राप्त करने पर रजत पदक चैम्पियन स्तर प्रमाण पत्र और 60 प्रतिशत विद्यार्थियों द्वारा भाषा और गणित की मूलभूत दक्षताओं के उच्चतम स्तर को प्राप्त करने पर स्कूल को कांस्य पदक चैम्पियन स्तर प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इन तीनों पदक के अर्हता प्राप्त स्कूलों को क्रमशः राज्य, जिला और ब्लाक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
भाषा और गणित की मूलभूत दक्षता के उच्चतम स्तर को स्कूल में बेसलाइन, मिडलाइन और एंडलाइन टेस्ट के आधार पर जांचा जाता है। स्वर्ण चैम्पियन, रजत चैम्पियन और कांस्य चैम्पियन स्कूलों की सूची एक वर्ष में तीन बार जारी की जाएगी। प्रथम सूची 30 सितम्बर से पहले, द्वितीय सूची 31 दिसम्बर से पहले और तृतीय सूची 31 मार्च से पहले जारी की जाएगी।
रतलाम जिले के जिन 16 स्कूलों ने स्वर्ण पदक चैम्पियन स्तर प्राप्त किया है उनमें चरणखेडी, कनिष्ठ मोरिया, रीछा चान्दा, गुर्जरबर्डिया, गुरुखेडी, कसारी, मुंडलाराम, पाताखेडी, एमएस बडोदिया, गुर्जरबर्डिया, खजुरिया, बागिया, बेलरा, जवाहर विरियाखेडी राजनगर, उमरन, नूतन क्र. 2 दीनदयाल नगर रतलाम शामिल है।