रतलाम,30अप्रेल(खबरबाबा.काम)। जैसे-जैसे रतलाम लोकसभा में मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। सोमवार को झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने रतलाम में प्रेस वार्ता कर वन मंत्री पर को घेरा,वहीं भाजपा पर भी निशाना साधा।प्रेस वार्ता के दौरान मप्र कांग्रेस के सहप्रभारी कुलदीप इंदौरा, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा,पारस सकलेचा,प्रवक्ता सुजीत उपाध्याय,शहर अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया समेत अन्य कांग्रेस नेतागण मौजूद रहे।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश के वन मंत्री नागरसिंह चौहान की पत्नी एवं अलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता चौहान को रतलाम संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं इस सीट पर कांग्रेस ने कांतिलाल भूरिया को प्रत्याशी बनाया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया के बेटे और झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया अपने पिता के समर्थन में मैदान में उतरकर लगातार वनमंत्री पर आरोप लगा रहे है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक डॉ. भूरिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि जोबट विधानसभा क्षेत्र के गांव में एक 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात हुई है। उन्होंने एक आरोपी के वन मंत्री के परिवार का सदस्य होने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि वन मंत्री द्वारा मामले को दबाने का भी प्रयास किया गया। हमारे द्वारा मामला उठाने पर पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज किया है। विधायक डॉ. भूरिया ने कहा कि अब आरोपियों के घर क्यों नहीं तुड़वाए जा रहे है। हालांकि हम बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन नहीं करते हैं लेकिन एक ही पार्टी के दो पैमाने कैसे हो सकते है।
स्क्रीन पर दिखाए वीडियो और फोटो
झाबुआ विधायक डॉक्टर विक्रांत भूरिया ने प्रेस वार्ता के दौरान स्क्रीन पर कुछ फोटो और वीडियो भी दिखाएं।वनमंंत्री नागरसिंह चौहान का एक वीडियो जारी किया जिसमें वो कांग्रेस की पूर्व विधायक स्वर्गीय कलावती भूरिया के खिलाफ बोलते दिख रहे है। डा. भूरिया ने बंदूकधारियों के साथ खड़े नागरसिंह चौहान का फोटो भी दिखाया। प्रेस वार्ता में विधायक डॉ भूरिया ने वन मंत्री के गांव डोबलाझिरी के एक सरकारी स्कूल का वीडियो भी दिखाया, जिसमें मक्का भरी हुई थी। विधायक भूरिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश के वन मंत्री नहीं चाहते है कि उनके गांव के बच्चे स्कूल में पढ़ाई करे।
विधायक डॉ भूरिया ने दिखाया वन मंत्री के गांव के हाई स्कूल का रिजल्ट
विधायक डा. भूरिया ने प्रेस वार्ता के दौरान वनमंत्री के गांव के स्कूल के रिजल्ट को लेकर भी निशाना साधा । विक्रांत भूरिया ने कहा कि नागरसिंह चौहान के गांव डोबलाझिरी में हाई स्कूल का परीक्षा परिणाम केवल 12 प्रतिशत है, जो गांव में शिक्षा की स्थिति को बताता है। विधायक डॉ. भूरिया ने वन मंत्री नागर सिंह चौहान पर कट्ठीवाड़ा के जंगलों की अवैध कटाई का भी आरोप लगाया।
भाजपा पर भी जमकर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक डॉ भूरिया ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री द्वारा झाबुआ में राशन को लेकर दिए बयान पर डॉक्टर भूरिया ने कहा कि भाजपा ने रोजगार नहीं दिया इसलिए राशन देना पड़ रहा है।
इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी के नामांकन वापस लेकर भाजपा में शामिल होने पर डॉ. भूरिया ने कहा कि यह संविधान के लिए दुखद बात है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के भाजपा में जाने पर कहा कि बीजेपी आज के समय आयातीत लोगों से भर गई है। भाजपा अब भर्ती जनता पार्टी बन गई है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरे देश ने भ्रष्टाचारी दो जगह मिलेंगे। एक जेल तो दूसरा भाजपा में।