रतलाम,2मार्च(खबरबाबा.काम)। विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। कांग्रेस प्रदेश की सभी 230 सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
यह बात मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी एवं पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल ने गुरुवार दोपहर को स्थानीय सर्किट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। रतलाम दौरे पर आए प्रदेश संगठन प्रभारी श्री अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश का प्रभार मिले 3 से 4 महीने हुए हैं। हाल में उन्होंने नीमच, मंदसौर, देवास, खंडवा एवं अन्य जिलों का दौरा किया है। सभी जगह कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। श्री अग्रवाल ने कहा कि कार्यकर्ता कांग्रेस की ताकत है। जो उत्साह और विश्वास कार्यकर्ताओं में देखने को मिल रहा है उससे कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
गुटबाजी के प्रश्न पर श्री अग्रवाल ने कहा कि कई जिलों के उन्होंने दौरे किए हैं और गुटबाजी जैसी कोई स्थिति उन्हें देखने को नहीं मिली है। कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 230 सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी।
प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार से जनता परेशान
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के संगठन प्रभारी श्री अग्रवाल ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान हो चुकी है। हर दिन अखबारों में भ्रष्टाचार की खबरें पढ़ने को मिलती है। प्रदेश सरकार सिर्फ बातें और घोषणा कर रही है उन पर अमल नहीं हो रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कांग्रेस नेता मयंक जाट, फैयाज मंसूरी आदि मौजूद थे।