रतलाम,3अप्रैल(खबरबाबा.काम)। साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा के केंद्रीय संगठन ने मैदानी स्तर पर पार्टी और कार्यकर्ताओं की नब्ज को टटोलना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को भाजपा मध्य प्रदेश- छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल मंदसौर और नीमच होते हुए रतलाम पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक ली और वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री के दौरे के दौरान जहां राजनीतिक दलो के पारंपरिक स्वागत के तरीके में अंतर नजर आया ,वहीं पार्टी सूत्रों की माने तो वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में कई नेताओं को संभाग प्रभारी आलोक शर्मा द्वारा बैठक का समय शुरू होने के बाद व्यक्तिगत रूप से फोन कर बुलाना पड़ा।
स्वागत के परंपरागत तरीके में दिखा अंतर
आमतौर पर राजनीति दलों में कोई बड़ा नेता आता है तो शहर के प्रवेश मार्ग के साथ ही अन्य रास्तों पर भी उनका समर्थकों की भीड़ के साथ स्वागत किया जाता है। लेकिन भाजपा सूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री जामवाल के रतलाम आगमन पर इस तरह का कोई नजारा दिखाई नहीं दिया। वे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और संभागीय संगठन प्रभारी आलोक शर्मा के साथ अपने वाहन से सीधे बैठक स्थल पर पहुंचे। जबकि भारतीय जनता पार्टी में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री का पद काफी बड़ा और महत्वपूर्ण है। यही नहीं बैठक स्थल से वह एक दुपहिया वाहन पर सवार होकर एबीवीपी के पुराने कार्यकर्ताओं से मिलने भी पहुंच गए।
फोन कर बुलाना पड़ा नेताओं को!
क्षैत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के रतलाम दौरे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन भी रखा गया था। बैठक में मौजूद सूत्रों की माने तो बैठक का समय होने के बाद भी अपेक्षित नेताओं में से सिर्फ 8 या 9 लोग ही बैठक में पहुंचे थे। क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री जामवाल ने इस पर हैरानी भी जताई। इसके बाद संभागीय संगठन प्रभारी आलोक शर्मा ने स्वयं कुछ वरिष्ठ नेताओं को व्यक्तिगत रूप से फोन कर बैठक में बुलाया, जिसके बाद बैठक शुरू हुई।
बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार फोन कर बुलाए गए नेताओं ने बैठक में नहीं आने का कारण बताते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री से सीधे कहा कि हर बार हम अपनी बात रखते हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है, इसलिए हम आना उचित नहीं समझ रहे थे।
बैठक में मौजूद सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में कई नेताओं ने खुलकर अपनी बात क्षेत्रीय संगठन मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने स्थानीय स्थान पर संगठन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री से ही सवाल कर लिया कि बताइए आखिर ऐसा क्यों हो रहा है?
कुछ वरिष्ठ नेताओं ने यह भी कहा कि यदि पार्टी को हमारी आवश्यकता नहीं है तो हमारा विदाई समारोह कर दे। बैठक में मौजूद एक नेता ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से उनके पास कोई काम नहीं है। हमें कोई पूछता नहीं है। एक नेता ने कहा कि कार्यकर्ता तो पार्टी के लिए जी जान से काम करता है ,लेकिन बाद में उसे कोई पूछता नहीं है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री को अन्य कई मुद्दों पर भी वरिष्ठ नेताओं ने खुलकर बात कही। संगठन मंत्री ने भी सभी की बात को गंभीरता से सुना और महत्वपूर्ण बातों को नोट भी किया।
वरिष्ठों से किया मार्गदर्शन देने का आव्हान्
वरिष्ठओं के साथ बैठक में भाजपा मध्यप्रदेश -छतीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं , पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व पदाधिकारीयों से पार्टी को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन देने का आव्हान् किया।
इस बैठक मे संभाग प्रभारी आलोक शर्मा एवं जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा साथ रहे। श्री जामवाल ने वरिष्ठो से पार्टी के विस्तार हेतु सुझाव प्राप्त किए।बैठक मे पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी, पूर्व विधायक संगीता चारेल, मथुरालाल डामर, जितेन्द्र गेहलोत, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, प्रकाश मेहरा, कानसिंह चौहान, बजरंग पुरोहित, पूर्व महापौर शेलेन्द्र डागा , पूर्व नगर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल सहित पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।