
भोपाल,12जुलाई(खबरबाबा.काम)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को भोपाल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने यहां भाजपा दफ्तर में पार्टी के नेताओं के साथ बैठक कर आगामी मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।बैठक में चुनाव की रणनीति को लेकर की बारीकी से चर्चा की। शाह प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ मंथन के बाद आधी रात को दिल्ली लौट गए।
चार माह बाद होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार शाम को भोपाल में भाजपा की बड़ी बैठक की। शाह ने बैठक में विजय संकल्प अभियान की शुरुआत करने के निर्देश दिए। साथ ही चुनावी तैयारियों की सूक्ष्म समीक्षा की और चुनावी मुद्दों से लेकर रणनीति पर बारीकी से चर्चा की। शाह ने सभी नेताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। पार्टी ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे जीत के दावों को ध्वस्त करने के लिए विजय संकल्प के साथ मैदान में उतरने का फैसला किया। बैठक में चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई। यादव पूरे प्रदेश की जिला वार रिपोर्ट लेंगे।
भाजपा कोर कमेटी के साथ अमित शाह की बड़ी बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया को बताया कि अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव में विजय की रणनीति के साथ पार्टी की तैयारियों पर गहराई से मंथन किया। उन्होंने बैठक में विजय संकल्प अभियान शुरू करने की बात कही। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विजय संकल्प अभियान शुरू करेगी। इस अभियान में पार्टी पूरी ताकत के साथ जुटेगी। इसकी तारीखों की जानकार जल्द ही साझा की जाएगी।
बता दें, भाजपा अब विजय संकल्प यात्रा के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगी और यह बताएगी कि 2023 के चुनाव के बाद भाजपा ही जीत रही है। केंद्रीय गृह मंत्री और मौजूदा भारतीय राजनीति में चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह ने रात 9 बजे से करीब 11.30 बजे तक भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक ली। करीब सवा दो-ढाई घंटे चली बैठक में शाह ने विधानसभा क्षेत्रों के फीडबैक के आधार पर नेताओं के साथ आगे की रणनीति बनाने के साथ कार्य करने को कहा। बैठक के बाद रात 12:00 बजे अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
ये नेता बैठक में रहे मौजूद
-प्रदेश के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव व सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव।
-केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय
-प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा
-प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के अलावा अजय जामवाल और नरोत्तम मिश्रा।
