रतलाम,19जुलाई(खबरबाबा.काम)। जावरा रोड क्षेत्र में चोरों ने बीती रात उधम मचाई। एक ही रात में तीन धार्मिक स्थलों में प्रवेश कर दानपात्र की नगदी चुरा ले गए। बदमाश इतने शातिर निकले कि मंदिर के शिखर पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी निकाल दिए। वारदात मंदिर के कैमरे में कैद ना हो इसके लिए मंदिर के अंदर लगे डीवीआर की पीन भी निकाल दी और दानपात्र तोडक़र नगदी चुरा ले गए।
चोरी की वारदात रतलाम जावरा रोड हाइवे स्थित रणजीत हनुुमान मंदिर की है। मंदिर में घुसे बदमाशों ने दानपात्र के अलावा पास के कैमरे का भी ताला तोड़ा। बदमाशों को जब यहां से ज्यादा कुछ कीमती सामान हाथ नहीं लग पाया तो मंदिर में लगे सभी कैमरों को तोडक़र काफी नुकसान कर गए। बदमाश इतने शातिर थे कि वे मंदिर के शिखर पर भी चढ़ गए और वहां लगे कैमरो को निकाल दिया ताकि आसपास के धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदात करने के लिए उनकी हरकत कैद ना हो। बताया जाता है कि बदमाशों ने मंदिर के अंदर भी लगे कैमरों को बंद करने के लिए डीवीआर की पीन निकालने के साथ तार को भी तोड़ दिया। चोरी का पता आज सुबह उस समय चला जब मंदिर के पास रहने वाली महिला सुबह पांच बजे के लगभग अगरबत्ती लगाने पहुंची। मंदिर का ताला टूटा पाया। बाद में चौकीदार को भी पता चला तो तत्काल इसकी सूचना मंदिर के जवाबदारों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाश मंदिर के पास ही एक कमरे में भी घुसे और सामान तितर कर तोड़े गए कैमरों को वहीं पर पटक गए।
बदमाशों ने मंदिर के सामने ही पहलवान बाबा की दरगाह में भी वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाश चैनल का ताला नहीं तोड़ पाए तो दरगाह पर लगी लोहे की जाली के तीन-चार सलिये तोडक़र अंदर जा घुसे। बदमाशों की नजर यहां पर कैमरे पर पहुंची तो बाहरी गेट के नजदीक लगे कैमरे को तोड़ दिए। बदमाशों ने यहां पर भी लगे कैमरों को नुकसान किया। इसके अलावा दरगाह के अंदर लगे दानपात्र का ताला तोडऩे की भी कोशिश की लेकिन जब ताला नहीं टूटा तो दानपात्र के पतरे को ही नुकसान कर उसमें से पैसे चुरा ले गए।दरगाह के पास ही मस्जिद वाली जगह पर भी पहुंचे यहां पर चोरों ने साउंड सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के साथ एक गल्ले को तोड़ा वहीं अन्य सामान को भी तितर-बितर कर दिया।
बदमाश मुक्तेश्वरी माता मंदिर में भी घुसे। वहां मंदिर का दानपात्र तोडक़र नगदी पर हाथसाफ कर गए।
एक मंदिर में लगे कैमरे में कैद हुई तस्वीरें
चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों की हरकत फिर भी रणजीत हनुमान मंदिर के कैमरे में कैद हो गई है। दो दुबले-पतले बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे दिखाई दे रहे है जो बीस-पच्चीस बरस की उम्र लगते है। वारदात करने से पहले मंदिर की रैकी की और पीछे के रास्ते से अंदर घुसकर ऊंचाई पर लगे कैमरे के डीवीआर की केबल तोड़ते हुए तथा कैमरे की दिशा बदलते दिखाई दे रहे है। पुलिस अब बदमाशों के हुलिये के आधार पर उनका सुराग लगाने में जुट गई है।
