रतलाम, 15 मई (खबरबाबा. कॉम)।नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन हाईवे पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह शव को एम्बुलेंस में रखकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ौदा निवासी कन्हैयालाल (27) पिता बसंतीलाल और सुखराम (25) पिता भगवानलाल गुरुवार रात करीब 9 बजे दोनों नामली से मोटरसाइकिल द्वारा अपने गांव बड़ौदा लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ौदा फंटे के पास तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अहमदाबाद रेफर किया गया।
स्पीड ब्रेकर और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह मृतक के शव को एम्बुलेंस में रखकर बड़ौदा फंटे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि फोरलेन पर बड़ौदा फंटा होने के बावजूद न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही कोई चेतावनी या सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे यहां लगातार हादसे हो रहे हैं।ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायल युवक के इलाज की समुचित व्यवस्था करने की मांग प्रशासन के सामने रखी।
अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर और एसडीओपी किशोर पाटनवाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। प्रशासन द्वारा मुआवजा दिलाने तथा फोरलेन पर स्पीड ब्रेकर और संकेतक बोर्ड लगाने का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब एक घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त कराया गया।