रतलाम,19मई(खबरबाबा. कॉम)। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान अवैध शराब से भरे एक कंटेनर को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान पासिंग कंटेनर को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
थाना प्रभारी गायत्री सोनी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से कंटेनर के जरिए शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की गई तो उसके अंदर अवैध शराब का बड़ा जखीरा मिला।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचाया, जहां देर रात तक कार्रवाई जारी रही। कंटेनर से करीब 400 से अधिक शराब की पेटियां बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप चंडीगढ़ से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि उक्त कंटेनर में बैटरी की बल्टी पर शराब ले जाए जा रही थी।
फिलहाल पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और शराब की खेप से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। देर रात करीब 2 बजे तक ट्रक से शराब उतारने की कार्रवाई जारी रही। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।