रतलाम, 13 मई (खबरबाबा.कॉम)।पुलिस परिवार के बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश को उपयोगी एवं मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन रतलाम में 10 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप का उद्घाटन एसपी अमित कुमार द्वारा किया गया।
शुभारंभ अवसर पर एसपी अमित कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मकता का विकास करते हैं। उन्होंने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भविष्य में भी पुलिस परिवार के बच्चों के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाने की बात कही।
यह समर कैंप 12 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कैंप में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए क्रिकेट, योगा, ड्राइंग, जुंबा, सिंगिंग सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
कैंप के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे उनकी रुचि और प्रतिभा को विकसित किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर अतिथि के रूप में डॉ. स्वर्णा सरस्वती उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका चौहान, सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पुलिस परिवार के बच्चे एवं परिजन उपस्थित रहे।
रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस परिवार के कल्याण एवं बच्चों के व्यक्तित्व विकास हेतु इस प्रकार की सकारात्मक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जाता रहा है।
