रतलाम, 22 मई (खबरबाबा. कॉम)। राधा कृष्ण मंदिर, सुनार बावड़ी, रतलाम में 17 मई से 23 मई तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार 21 मई को भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
कथा के दौरान परम पूज्य पंडित श्री गगन जी दुबे ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य महिमा, भक्तिमय प्रसंग, वामन अवतार की अलौकिक कथा एवं छप्पन भोग की आध्यात्मिक महत्ता का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया।
पंडित श्री दुबे ने कहा कि भगवान के प्रत्येक अवतार धर्म, सत्य एवं मानव कल्याण का संदेश देते हैं। उन्होंने वामन अवतार का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान ने इस अवतार के माध्यम से अहंकार का नाश कर भक्ति, विनम्रता एवं समर्पण की महिमा को स्थापित किया।
इस पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात महाआरती एवं भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। कथा एवं जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।