रतलाम, 20मई (खबरबाबा. कॉम)। पुलिस ने बड़ावदा थाना क्षेत्र में हुई करीब 90 क्विंटल गेहूं चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा किया है। एएसपी विवेक लाल और प्रशिक्षु आइपीएस वैभव प्रिय ने कंट्रोल रूम पर जानकारी देते हुए बताया कि अंतरजिला चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए से अधिक का मशरुका बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने 11 चोरी की वारदातें कबूल की हैं।
मामला उस समय सामने आया जब फरियादी बरकत पिता वलीर खां मेवाती ने शिकायत दर्ज कराई कि खेत पर बने टीनशेड में रखा गेहूं चोरी हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र, साइबर सेल, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी से एक दिन पहले क्षेत्र से वाहन चुराया था और उसी वाहन के जरिए गेहूं को राजस्थान सीमा तक पहुंचाया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भंवरलाल पिता आशाराम चन्द्रवंशी , निवासी रोहलखुर्द , जिला उज्जैन, लखनसिंह पिता रतनलाल गुर्जर निवासी एकतासा जिला इंदौर, युसुफ पिता बाबूशाह निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों से एक आयशर ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो मोटरसाइकिल, गेहूं बिक्री की नकदी और चोरी में इस्तेमाल किए गए बोरे सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना है।