रतलाम,25 मई (खबरबाबा. कॉम)। ग्रीष्म ऋतु की भीषण गर्मी में रेल यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रतलाम रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों एवं सर्कुलेटिंग एरिया में श्री सिखवाल ब्राह्मण समाज ट्रस्ट द्वारा मंडल रेल प्रशासन के सहयोग से निशुल्क शुद्ध आरओ का ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
सेवा कार्य से जुड़े राकेश पोरवाल ने बताया कि प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे समाज के नागरिकों सहित करीब 20 समाजसेवी रतलाम रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। वे पानी की केन से भरी लारियों को लेकर विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर आने वाली ट्रेनों के सामान्य एवं शयनयान कोचों के सामने पहुंचते हैं और मधुर स्वर में “ठंडा पानी पीजिए” कहकर यात्रियों को ठंडा पानी पिलाते हैं।
इस सेवा कार्य के तहत प्रतिदिन लगभग 200 पानी की केन तथा एक टैंकर पानी रेल यात्रियों को उपलब्ध कराया जाता है। 43 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी में प्लेटफॉर्म क्रमांक 4 सहित अन्य प्लेटफॉर्मों पर यात्री ठंडा पानी पीकर राहत महसूस कर रहे हैं।रेल यात्रियों ने इस मानवीय सेवा के लिए आयोजकों एवं समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।