रतलाम, 30 जून (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम पुलिस ने साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए 68 पीड़ितों के बैंक खातों में करीब 3.97 लाख रुपए वापस दिलाए हैं। यह कार्रवाई एसपी अमित कुमार के निर्देशन में मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) पोर्टल के माध्यम से की गई।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधों में बड़ी रकम वापस दिलाने के साथ-साथ अब ऐसे मामलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें ठगी गई राशि कम होने के कारण पीड़ित आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाते थे। इसी उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने ऐसे मामलों की समीक्षा कर संबंधित पीड़ितों से संपर्क किया और उनकी राशि वापस कराने की प्रक्रिया पूरी कराई।
एमआरएम पोर्टल, गृह मंत्रालय के अधीन इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) द्वारा संचालित राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) का हिस्सा है। इसके माध्यम से वे पीड़ित अपनी होल्ड (फ्रीज) की गई राशि वापस पाने के लिए ऑनलाइन दावा कर सकते हैं, जिन्होंने समय पर 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई हो और संबंधित राशि बैंक में समय रहते होल्ड कराई गई हो।
पुलिस ने बताया कि कई मामलों में 2 हजार से 5 हजार रुपए या उससे कुछ अधिक की ठगी होने पर लोग शिकायत तो दर्ज करा देते हैं, लेकिन आगे की औपचारिकताओं के कारण राशि वापस लेने की प्रक्रिया पूरी नहीं करते। ऐसे मामलों में अब पुलिस स्वयं पहल कर पीड़ितों को राशि वापस दिला रही है।
इस कार्य में उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह एवं आरक्षक राहुल पाटीदार की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से ठगी गई राशि को फ्रीज कराकर वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।