रतलाम, 12 जून(खबरबाबा. कॉम)। स्टेशन रोड थाना अंतर्गत शहर के रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित एक गोदाम को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए का माल पार कर दिया। बदमाश गोदाम का शटर तोड़कर अंदर घुसे और इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित खाद की बोरियां चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गया माल 8 लाख रुपए से अधिक का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महू-नीमच रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने शलभ अग्रवाल का गोदाम है, जहां इलेक्ट्रॉनिक आइटम और कृषि उपयोग की खाद का भंडारण किया जाता है। मंगलवार शाम तक गोदाम में सब कुछ सामान्य था और माल भी उतारा गया था।
गुरुवार सुबह जब कर्मचारी नया माल उतारने पहुंचे तो गोदाम के दोनों ताले टूटे मिले और शटर थोड़ा ऊपर उठा हुआ था। कर्मचारियों ने तत्काल गोदाम संचालक शलभ अग्रवाल को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर चोरी का खुलासा हुआ।
चोर गोदाम से 17 कूलर, 12 आरओ, 7 गीजर, एक टन क्षमता वाली 19 खाद की बोरियां, लगभग 2 टन सल्फर खाद तथा 200 किलो जिंक सल्फेट खाद चोरी कर ले गए। गोदाम मालिक पक्ष का कहना है कि स्टॉक का पूरा मिलान होने के बाद चोरी गए सामान की मात्रा और बढ़ सकती है।
सूचना मिलते के काफी देर बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है है।