रतलाम, 20 जून(खबरबाबा. कॉम)।दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर में सर्राफा व्यापारी के घर पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का रतलाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फायरिंग की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शेयर मार्केट और एमसीएक्स कारोबार से जुड़े पैसों के लेनदेन के विवाद में कथित रूप से दबाव बनाने के लिए सुपारी देकर फायरिंग करवाई गई थी।
एसपी अमित कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में मामले की जानकारी दी। एएसपी राकेश पंद्रो एवं विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
घर के बाहर पहुंचकर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 19 जून को दोपहर करीब 3:16 बजे सैफी नगर स्थित सराफा व्यापारी कमल सोनी के मकान पर चार बदमाश दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे। उस समय कमल सोनी अपने पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित सोनी, दिव्यांश सोनी एवं पुत्रवधू मौजूद थे।
इसी दौरान खिड़की के पास खड़ी मनीषा सोनी पर एक आरोपी ने पिस्टल से फायर किया। मनीषा सोनी के तत्काल नीचे झुक जाने से गोली उन्हें नहीं लगी और खिड़की के कांच को तोड़ते हुए निकल गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
पूछताछ में सामने आया सुपारी कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने विनय शर्मा उर्फ वीनू के कहने पर वारदात को अंजाम दिया था। विवेचना में यह भी सामने आया कि फरियादी के पुत्र दिव्यांश सोनी और सरवन निवासी आदित्य के बीच शेयर मार्केट एवं एमसीएक्स से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आदित्य ने कथित रूप से रकम की वसूली और दबाव बनाने के उद्देश्य से विनय शर्मा को सुपारी दी थी। इसके बाद विनय शर्मा ने अपने साथियों के माध्यम से फायरिंग की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिलाया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में भोला (29), विनीत उर्फ चुचू बड़गोतिया (25), अजय उर्फ गट्टू चौहान (24), रविन्द्र राजन (32) और कन्हैया नायक (43) को गिरफ्तार किया है।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार विनय उर्फ वीनू शर्मा सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी तथा पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक अनुराग यादव, जीवन बारिया, राजा तिवारी सहित लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, मनमोहन शर्मा, विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, अभिषेक पाठक, हर्षल शर्मा, संदीप कुमावत, दीपक सिंह एवं शान्तीलाल डिण्डोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।