रतलाम,17जून(खबरबाबा. कॉम)। रतलाम की उभरती हुई नन्ही शतरंज प्रतिभा कायरा नैनानी, जो श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी की कक्षा दूसरी की छात्रा हैं, ने हाल ही में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप के अंडर-7 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 में से 4 अंक अर्जित किए। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ उनका चयन 29 जून से नागपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
बड़े खिलाड़ियों के बीच भी दिखाई प्रतिभा
कायरा की उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पूर्व उन्होंने नर्मदापुरम में आयोजित अंडर-19 राज्य शतरंज प्रतियोगिता में अपने से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच खेलते हुए 9 में से 6 अंक अर्जित कर सभी को प्रभावित किया था। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर राज्यसभा सांसद द्वारा भी उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
भाई-बहन की जोड़ी ने लगातार जीते खिताब
वर्ष 2026 में कायरा तथा उनके भाई जलज नैनानी (अंडर-9)ने लगातार कई महत्वपूर्ण सफलताएँ अर्जित की हैं।मार्च माह में दोनों ने उज्जैन जिला शतरंज प्रतियोगिता में अपने-अपने वर्ग में चैंपियन बनकर शानदार शुरुआत की।अप्रैल माह में रतलाम एवं इंदौर जिला शतरंज प्रतियोगिताओं में भी दोनों ने अपने-अपने वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएँ
मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उनकी ज्येष्ठ बहन श्रीमती कलावती यादव ने कायरा नैनानी को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए कायरा को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।