रतलाम, 19 जून(खबरबाबा. कॉम)। शहर की औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा दो अवैध पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और दो वाहन सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास की गई।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार रात वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार छह युवक तेज गति से आते दिखाई दिए।
पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली तो पल्सर चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा के पास से एक अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं एक्टिवा चला रहे जितेंद्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियारों से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वाहन चालकों के पास भी ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने मौके से दोनों अवैध पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से हथियारों के स्रोत और अन्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित उर्फ कृष्णा, वरुण उर्फ बंटी , अबरार हुसैन, जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू, दीपेश उर्फ छोटा गोलू तथा दीपांशु शामिल हैं।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार,सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में थाना प्रभारी गायत्री सोनी,उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा सहित थाना औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।