रतलाम, 6 जून (खबरबाबा.कॉम)। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा करते हुए बीड़ी के कार्टून में छिपाकर ले जाया जा रहा 56.340 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी अमित कुमार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक महू-नीमच फोरलेन स्थित प्रेसिडेंट होटल के सामने जोयो तिराहे पर दो सफेद प्लास्टिक की थैलियों में डोडाचूरा लेकर बस से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक के बोरों में रखे चार खाकी रंग के 30 नंबर बीड़ी के प्रिंट वाले कार्टून मिले। कार्टून खोलकर जांच करने पर उनमें डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने कुल 56.340 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 81 हजार 700 रुपए है, जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
सुनील पिता शंभूलाल मीणा (26 वर्ष), निवासी भांडिया, थाना मनासा, जिला नीमचके रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।
कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उप निरीक्षक कन्हैया अवास्या, उप निरीक्षक प्रतापसिंह भदौरिया, सहायक उप निरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक संजय आंजना सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।