रतलाम,6जून(खबरबाबा. कॉम)। रतलाम सीकासा द्वारा 3 जून को दलोदा स्थित वीनस अलॉयज प्राइवेट लिमिटेड में एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस भ्रमण में लगभग 40 सीए छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भ्रमण का संचालन सीकासा कमेटी के अध्यक्ष सीए शगुन बड़जात्या के नेतृत्व में किया गया। औद्योगिक भ्रमण के दौरान कंपनी के डायरेक्टर्स प्रसन्न जैन, अंकित किमटी, वैभव दुग्गड़, अभय संचेती एवं संयम जैन ने छात्रों को प्लांट की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया तथा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार रॉ मटेरियल की खरीद, छंटाई और प्रोसेसिंग के बाद उसे अंतिम उत्पाद में परिवर्तित किया जाता है।
इस दौरान छात्रों ने प्रबंधन एवं विशेषज्ञों के साथ आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में भी सक्रिय सहभागिता की और उद्योग संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
सीकासा सचिव निधान संघवी, उपाध्यक्ष कृष कोठारी, मीत छाजेड़, दक्ष बोकाड़िया, महावीर खाबिया, हार्दिक मूणत सहित अन्य छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस भ्रमण ने उन्हें पुस्तकीय ज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। औद्योगिक प्रक्रियाओं को नजदीक से देखने और समझने का अनुभव उनके पेशेवर भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी रहेगा।
औद्योगिक भ्रमण के पश्चात छात्रों के लिए मंदसौर स्थित गिरनार वाटर पार्क में मनोरंजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ उद्योग जगत की व्यावहारिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
रतलाम ब्रांच के अध्यक्ष आकाश मित्तल एवं सचिव यश जैन ने बताया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं औद्योगिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे। वहीं पूर्व अध्यक्ष मोहित श्रीमाल, उपाध्यक्ष दीपेश जैन एवं कोषाध्यक्ष पराग जैन ने छात्रों को ऐसे अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।