रतलाम, 22 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत काटजू नगर (नगर सुधार न्यास) में बुधवार दोपहर एक बंद मकान से 35 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की करीब ढाई माह पहले ही शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही उसकी पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद युवक घर में अकेला रह रहा था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बदबू आने पर लोगों को हुआ संदेह
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश उर्फ लखन पिता दर्शन कुमार चौहान (35) निवासी काटजू नगर (नगर सुधार न्यास) के रूप में हुई है। बुधवार को आसपास रहने वाले लोगों को उसके मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा खोलते ही सामने आया दर्दनाक दृश्य
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने पर सुरेश का शव कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
ढाई माह पहले हुई थी शादी, 10 दिन बाद लौट गई पत्नी
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुरेश कबाड़ का व्यवसाय कर अपना जीवनयापन करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। करीब ढाई माह पहले उसकी शादी नागदा निवासी एक महिला से हुई थी, जो उसकी दूसरी शादी थी। बताया जा रहा है कि विवाह के लगभग 10 दिन बाद ही पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी और उसके बाद वापस नहीं आई। तब से सुरेश अकेला ही रह रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पुलिस का कहना है कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मौत का सही समय और कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।