रतलाम, 11 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। शहर के चर्चित सराफा कारोबारी फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कारोबारी के घर पर दहशत फैलाने के लिए कराई गई फायरिंग का मास्टरमाइंड विनोद उर्फ वीनू शर्मा और उसका साथी अजय यादव आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि 1 करोड़ रुपए की वसूली कराने के लिए 40 लाख रुपए की सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलाया गया था।
19 जून की दोपहर डीडी नगर थाना क्षेत्र के सैफी नगर स्थित सराफा व्यापारी कमल जैन के घर पर दो बाइक से पहुंचे चार बदमाशों ने फायरिंग की थी। गोली खिड़की को चीरते हुए घर के अंदर जा घुसी। जिस स्थान पर गोली लगी, उससे कुछ ही दूरी पर व्यापारी की पत्नी सो रही थीं। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गईं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद व्यापारी ने बजरंग दल के पूर्व पदाधिकारी विनोद उर्फ वीनू शर्मा पर धमकाने और फायरिंग कराने का आरोप लगाया था। पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो मामला शेयर मार्केट और एमसीएक्स के करोड़ों रुपए के लेनदेन विवाद से जुड़ा सामने आया। सराफा व्यापारी कमल जैन के बेटे दिव्यांश जैन और सरवन के सराफा कारोबारी आदित्य सोमानी के बीच आर्थिक विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग से एक दिन पहले ही कमल जैन ने सरवन थाने में आदित्य सोमानी के खिलाफ 1 करोड़ रुपए की वसूली के लिए धमकाने का मामला दर्ज कराया था। इसके अगले ही दिन उनके घर पर गोलियां चला दी गईं।
पूछताछ में आरोपी वीनू शर्मा ने पुलिस को बताया कि आदित्य सोमानी ने दिव्यांश जैन से 1 करोड़ रुपए की वसूली कराने के लिए 40 लाख रुपए की सुपारी दी थी, जिसके बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर फायरिंग कराई गई।
पुलिस ने वीनू शर्मा और अजय यादव को सागोद और मोरवनी के बीच निर्माणाधीन पुल के पास से गिरफ्तार किया। वीनू के कब्जे से एक देसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मामले में अभी तक करीब एक दर्जन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।