रतलाम, 13 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)। शहर के होमगार्ड कॉलोनी के समीप स्थित पद्मावती धाम में रविवार देर रात एक सूने मकान को तीन नकाबपोश चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला और इंटरलॉक तोड़कर घर में घुसे, फिर आलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपए नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फरियादी नीरजसिंह पिता मनोहरसिंह, निवासी पद्मावती धाम, ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे वे परिवार के साथ लोटस कॉलोनी स्थित अपने साले के घर जन्मदिन समारोह में गए थे और रात वहीं रुक गए। रविवार सुबह पड़ोसी का फोन आया और मकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी।
घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य गेट का ताला और इंटरलॉक टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी और लॉकर के ताले भी तोड़े जा चुके थे। चोर सोने की तीन चेन (करीब 35 ग्राम), चार अंगूठियां (करीब 25 ग्राम), पांच जोड़ी टॉप्स (करीब 25 ग्राम), तीन चांदी के सिक्के, चांदी का कंदोरा, बच्चों और बड़ों के दो जोड़ी कड़े (करीब 300 ग्राम), एक घड़ी तथा बैग में रखे 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा बाइक की आरसी और एटीएम कार्ड भी अपने साथ ले गए।
करीब आधे घंटे तक घर में रहे चोर
नीरजसिंह ने बताया कि उनकी धार जिले के बदनावर में वेल्डिंग की दुकान है। पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीनों चोर रात 2:26 बजे घर के आसपास आते दिखाई दे रहे हैं, जबकि करीब 3 बजे चोरी कर निकलते नजर आए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश करीब आधे घंटे तक घर के अंदर रहे।
20 से 25 साल के बताए जा रहे तीनों आरोपी
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार तीनों संदिग्धों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। सभी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।